जिला पंचायत की बैठक में टकराव से गरमाई सियासत, छुरिया जनपद अध्यक्ष के आरोपों ने बढ़ाई हलचल, अब प्रदेश नेतृत्व की परीक्षा,
प्रहरी न्यूज राजनांदगांव – सत्ता अपनी, संगठन अपना, फिर अपमान की शिकायत किससे?
राजनांदगांव जिला पंचायत की सामान्य सभा में सामने आए विवाद ने भाजपा के भीतर समन्वय और अनुशासन को लेकर तीखे सवाल खड़े कर दिए हैं, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव और छुरिया जनपद पंचायत अध्यक्ष संजय सिन्हा के बीच हुई तकरार अब केवल बैठक तक सीमित नहीं है, मामला प्रदेश भाजपा संगठन तक पहुंचने की खबरों के बीच राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है,
भरी बैठक में विवाद, फिर संगठन के दरबार तक पहुंचा मामला,
सामने आए घटनाक्रम के मुताबिक, जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक के दौरान संजय सिन्हा को बाहर जाने के लिए कहे जाने के बाद विवाद बढ़ा, संजय सिन्हा ने आरोप लगाया कि उन्हें अधिकारियों के सामने अपमानित किया गया, इस घटनाक्रम ने एक असहज सवाल खड़ा कर दिया है, जब एक ही पार्टी से जुड़े जनप्रतिनिधि आपस में तालमेल नहीं बैठा पा रहे, तो इसका असर पंचायत के कामकाज पर कितना पड़ेगा?
यह सिर्फ दो नेताओं की नाराजगी का मामला नहीं है, बैठकें जनता की समस्याओं, विकास कार्यों और प्रशासनिक जवाबदेही के लिए होती हैं, यदि ऐसी बैठकों में ही जनप्रतिनिधियों के बीच टकराव हावी होने लगे, तो जनता के मुद्दे पीछे छूटने का खतरा बढ़ जाता है,
अब सवाल… अनुशासन सिर्फ भाषणों तक या कार्रवाई भी होगी?
भाजपा संगठन में अनुशासन और एकजुटता की बात बार-बार होती है, ऐसे में सार्वजनिक बैठक में विवाद और उसके बाद अपमान के आरोप पार्टी नेतृत्व के सामने चुनौती बन सकते हैं, प्रदेश संगठन द्वारा घटनाक्रम की जानकारी मांगे जाने की खबर के बाद अब निगाहें उसके अगले कदम पर हैं,
क्या दोनों पक्षों को बुलाकर जवाब मांगा जाएगा?
क्या बैठक में हुए घटनाक्रम की निष्पक्ष समीक्षा होगी?
या फिर यह विवाद भी कुछ दिनों की राजनीतिक चर्चा के बाद ठंडे बस्ते में चला जाएगा?
इन सवालों का जवाब संगठन के रुख से ही मिलेगा,
जनता पूछेगी… विवाद में उलझे प्रतिनिधि, विकास की जिम्मेदारी कौन निभाएगा?
राजनीति में मतभेद होना असामान्य नहीं, लेकिन मतभेद किस तरीके से सामने आते हैं, यही नेतृत्व की मर्यादा तय करता है, जनप्रतिनिधियों से अपेक्षा रहती है कि वे व्यक्तिगत या राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर जनता के हित में काम करें,
राजनांदगांव के इस घटनाक्रम में सबसे बड़ा सवाल यही है कि विवाद का समाधान संवाद से होगा या खींचतान आगे भी जारी रहेगी, यदि आरोपों की पुष्टि होती है, तो संगठन को स्पष्ट संदेश देना होगा कि सार्वजनिक पद की गरिमा और बैठक की मर्यादा से समझौता स्वीकार्य नहीं है,
अब गेंद प्रदेश नेतृत्व के पाले में…
जिला स्तर पर शुरू हुआ विवाद अब संगठन की साख से जुड़ा सवाल बन चुका है, संबंधित नेताओं का पक्ष, घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति और प्रदेश नेतृत्व की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आने के बाद ही तस्वीर साफ होगी,
कुर्सी बड़ी है या संगठन का अनुशासन, इस सवाल का जवाब बयानों से नहीं, बल्कि नेतृत्व के अगले कदम से मिलेगा,