oplus_2
Spread the love

वार्ड क्रमांक 12 में पाइपलाइन का काम अधूरा, शिशु मंदिर के पीछे गली से गुजरना हुआ मुश्किल; अब लिखित शिकायत की तैयारी,

प्रहरी न्यूज छुरिया – नगर पंचायत छुरिया के वार्ड क्रमांक 12 में शिशु मंदिर के पीछे स्थित गली में पाइपलाइन बिछाने के नाम पर खोदा गया गड्ढा दो महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद भी जस का तस पड़ा है, न तो पाइपलाइन बिछाने का काम आगे बढ़ रहा है और न ही खोदे गए हिस्से को पाटकर रास्ता दुरुस्त किया जा रहा है, इससे मोहल्ले के रहवासियों को आने-जाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है,

स्थानीय वार्डवासियों के अनुसार, गली में लंबे समय से मलबा और खुदाई के कारण रास्ता बाधित है, गड्ढे के आसपास निर्माण सामग्री का ढेर लगा होने से लोगों को संकरी जगह से होकर गुजरना पड़ रहा है, रोजमर्रा के आवागमन में परेशानी के साथ ही दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है, विशेषकर बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को इस स्थिति में अधिक सतर्कता बरतनी पड़ रही है,

ठेकेदार के कर्मचारियों से गुहार, लेकिन समाधान नहीं,

वार्डवासियों का कहना है कि वे ठेकेदार के कर्मचारियों को बार-बार समस्या से अवगत करा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आई है। दो महीने से अधिक समय गुजर जाने के बावजूद काम अधूरा पड़ा रहना संबंधित कार्य एजेंसी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है,

अब लिखित शिकायत की तैयारी,

लगातार परेशानी झेल रहे वार्डवासियों ने अब मामले की लिखित शिकायत करने की तैयारी कर ली है, रहवासियों की मांग है कि नगर पंचायत प्रशासन मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित ठेकेदार को तत्काल काम पूरा करने के निर्देश दे, साथ ही, जब तक पाइपलाइन का कार्य पूरा नहीं होता, तब तक गड्ढे और मलबे के कारण उत्पन्न खतरे को दूर कर गली से सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित किया जाए,

अब देखना यह होगा कि नगर पंचायत प्रशासन वार्ड क्रमांक 12 के रहवासियों की इस समस्या पर कब संज्ञान लेता है और अधूरे पड़े कार्य को पूरा कराने के लिए क्या कदम उठाता है,

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *