मुख्य अतिथि मनभावन सिंह उइके ने फहराया तिरंगा, महिला स्व-सहायता समूह के कार्यों की सराहना,
प्रहरी न्यूज छुरिया – 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर वार्ड क्रमांक 12, नगर पंचायत छुरिया स्थित मां की रोटी शुद्ध शाकाहारी भोजन केंद्र में मां अन्नपूर्णा स्व सहायता समूह द्वारा गरिमामय ढंग से ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया,

कार्यक्रम में समाजसेवी एवं मुख्य अतिथि मनभावन सिंह उइके ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया,
ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रगान गाकर राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना प्रकट की। कार्यक्रम में मां फाउंडेशन की ओर से पहुंचे संजय तारम, स्व सहायता समूह की महिला सदस्य, वार्डवासी एवं बच्चे उपस्थित रहे,
मुख्य अतिथि मनभावन सिंह उइके ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की प्रगति में महिलाओं की भागीदारी लगातार महत्वपूर्ण होती जा रही है, स्व सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं और समाज के लिए प्रेरणादायी कार्य कर रही हैं, उन्होंने मां अन्नपूर्णा स्व सहायता समूह एवं मां फाउंडेशन द्वारा महिलाओं को स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ने के प्रयासों की सराहना की तथा भविष्य में भी इसी तरह जनहित और महिला सशक्तिकरण से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने की शुभकामनाएं दीं,

उन्होंने कहा कि ऐसे छोटे-छोटे प्रयास ही समाज में सकारात्मक बदलाव की मजबूत नींव तैयार करते हैं। महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ उन्हें सम्मानजनक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना आज के समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है,
कार्यक्रम में मां फाउंडेशन से पहुंचे संजय तारम ने भी मां फाउंडेशन द्वारा महिलाओं के लिए किए जा रहे विभिन्न कार्यों की जानकारी साझा की, उन्होंने बताया कि संस्था द्वारा महिलाओं को स्वावलंबी बनाने, उन्हें रोजगार के अवसरों से जोड़ने तथा उनकी क्षमता को आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए जा रहे हैं,
कार्यक्रम स्थल मां की रोटी को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगे रंग के गुब्बारों एवं आकर्षक सजावट से सजाया गया था, ध्वजारोहण के दौरान महिलाओं और बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला,
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों एवं वार्डवासियों ने महिला स्व-सहायता समूह के कार्यों की सराहना करते हुए आगे भी इसी प्रकार सामाजिक एवं जनहितकारी गतिविधियों को जारी रखने की बात कही,