प्रहरी न्यूज छुरिया – तहसील स्तरीय आदिवासी ध्रुव गोंड समाज छुरिया के लिए प्रस्तावित 50 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है,
वन अधिकार क्षेत्र अंतर्गत चिन्हांकित भूमि का बुधवार को वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया तथा आगे की कार्रवाई के लिए प्रतिवेदन तैयार किया,
वन परिक्षेत्र अधिकारी बागनदी के मार्गदर्शन में छुरिया परिक्षेत्र के डिप्टी रेंजर आदिल खान, वन रक्षक लोकेश सलामे सहित वन विभाग के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने चिन्हांकित भूमि का स्थल निरीक्षण किया, निरीक्षण के दौरान आदिवासी ध्रुव गोंड समाज की ओर से मनभावन सिंह उइके उपस्थित रहे,
आदिवासी ध्रुव समाज सामुदायिक भवन निर्माण के लिए वन अधिकार क्षेत्र की भूमि उपलब्ध कराने संबंधी सभी आवश्यक दस्तावेजी कार्यवाही पूरी कर प्रस्ताव राजनांदगांव वन मंडल अधिकारी (डीएफओ) को भेजा जा चुका है, अब निरीक्षण एवं प्रतिवेदन तैयार होने के बाद समाज को वन विभाग से जल्द एनओसी मिलने की उम्मीद है,
ज्ञात हो कि वरिष्ठ मंत्री श्री रामविचार नेताम ने आदिवासी ध्रुव गोंड समाज के तहसील स्तरीय सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपये की घोषणा की थी, जिसकी राशि भी स्वीकृत हो चुकी है एवं भवन निर्माण के लिए वन अधिकार क्षेत्र अंतर्गत भूमि की आवश्यकता होने के कारण एनओसी की प्रक्रिया जारी है,
गौरतलब है कि बीते दिनो अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष श्री एमडी ठाकुर के नेतृत्व में समाज के प्रमुख पदाधिकारी श्री शेरसिंह गोड़ियां, श्री चंद्रशेखर मंडलोई, श्री रघुवीर सेवता, श्री खेलन सिंह ठाकुर, मनभावन सिंह उइके एवं कौशल जी ने विधानसभा पहुंचकर वरिष्ठ मंत्री श्री रामविचार नेताम एवं वन मंत्री श्री केदार कश्यप से सौजन्य भेंट कर भूमि की एनओसी शीघ्र जारी कराने का आग्रह किया था,
इस पर दोनों माननीय मंत्रियों ने तत्काल राजनांदगांव के वन मंडल अधिकारी (डीएफओ) को आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए थे,
वन विभाग द्वारा स्थल निरीक्षण और प्रतिवेदन तैयार किए जाने को समाज ने सकारात्मक कदम बताया, समाज के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया है कि शीघ्र ही भूमि की एनओसी जारी होने के बाद 50 लाख रुपये की लागत से छुरिया मे तहसील स्तरीय सामुदायिक भवन निर्माण कार्य प्रारंभ होगा, जिससे क्षेत्र के आदिवासी समाज को सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक गतिविधियों के लिए एक स्थायी भवन उपलब्ध होगा,
