Oplus_16908288
Spread the love

भोलापुर शिकारी माहका रोड सड़क हादसे ने छुरिया क्षेत्र को झकझोरा, पूर्व सांसद-महापौर मधुसूदन यादव पहुंचे शोकाकुल परिवार के बीच,

प्रहरी न्यूज छुरियाछुरिया क्षेत्र के शिकारी माहका भोलापुर मार्ग पर 1 सितंबर की शाम हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को गहरे शोक में डुबो दिया है, एक ही परिवार के तीन संतानों की दर्दनाक मौत से ग्राम गहिराभेड़ी में मातम पसरा हुआ है, हादसे में स्कॉर्पियो में सवार एक बुजुर्ग की भी जान चली गई, इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है,

दुख की इस घड़ी में राजनांदगांव के पूर्व सांसद एवं महापौर मधुसूदन यादव गुरुवार को पीड़ित परिवार के बीच पहुंचे, श्री यादव ने पहले घटनास्थल पहुंचकर दुर्घटना की वस्तुस्थिति देखी और घटना के संबंध में जानकारी ली, इसके बाद वे ग्राम गहिराभेड़ी पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया,

इस अपूरणीय क्षति की भरपाई संभव नहीं — मधुसूदन यादव,

पीड़ित परिवार से मुलाकात के दौरान मधुसूदन यादव ने कहा कि एक ही परिवार के तीन बच्चों का इस तरह असमय दुनिया से चले जाना बेहद दुखद और हृदयविदारक है, माता-पिता के लिए इससे बड़ा दुख और क्या हो सकता है, इस अपूरणीय क्षति की भरपाई किसी भी सहायता से संभव नहीं है, इस कठिन समय में पूरा समाज और हम सभी पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं,

उन्होंने कहा कि दुर्घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है और सड़क पर वाहन चलाते समय सावधानी एवं यातायात नियमों का पालन बेहद जरूरी है, श्री यादव ने दिवंगतों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से शोक संतप्त परिवार को इस कठिन परिस्थिति से उबरने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की,

तत्काल सहायता के रूप में दिए चेक,

पूर्व सांसद-महापौर मधुसूदन यादव ने पीड़ित परिवार को शासन की ओर से आरबीसी 6/4 के तहत तत्काल सहायता राशि उपलब्ध कराई, मृतक तीन भाई-बहनों के लिए 25-25 हजार रुपये के चेक प्रदान किए गए, वहीं दुर्घटना में जान गंवाने वाले बुजुर्ग कमल दास बंजारे के परिवार को भी 25 हजार रुपये की सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया, श्री यादव ने कहा कि शासन की योजनाओं के तहत पीड़ित परिवार को नियमानुसार मिलने वाली सहायता दिलाने के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे,

मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे तीनों भाई-बहन,

जानकारी के अनुसार ग्राम गहिराभेड़ी निवासी जीधनराम साहू के तीन संतानों भूपेश्वरी साहू, डीकेश्वरी साहू एवं संदीप साहू की सड़क हादसे में मौत हुई, बताया जा रहा है कि तीनों भाई-बहन मोटरसाइकिल से शिकारी-माहका मार्ग होते हुए भोलापुर की ओर से अपने गांव गहिराभेड़ी लौट रहे थे, इसी दौरान भोलापुर की ओर से शिकारी-माहका की तरफ आ रही स्कॉर्पियो वाहन की चपेट में उनकी मोटरसाइकिल आ गई,

हादसा इतना गंभीर था कि दो भाई-बहनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल एक बहन ने मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव में उपचार के दौरान अंतिम सांस ली। वहीं स्कॉर्पियो में सवार बुजुर्ग मरीज कमल दास बंजारे की भी अस्पताल में मृत्यु हो गई,

हंसते-खेलते परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
इस हादसे ने जीधनराम साहू के परिवार को भीतर तक तोड़ दिया है, चार पुत्रियों और एक पुत्र वाले परिवार में दो बेटियों और एक बेटे को खो देने से घर में गहरा सन्नाटा पसरा हुआ है, परिवार में अब दो बहनें तनेश्वरी (तनु) साहू एवं नीतेश्वरी (नीतू) साहू, उनके माता-पिता ही शेष हैं,

जिस घर में बच्चों की आवाजें और खुशियां गूंजती थीं, वहां अब अपनों को खोने का गहरा दुख है, ग्रामीणों के अनुसार पूरे गांव ने परिवार के इस दुख को अपना दुख मानते हुए परिवार के साथ खड़े होने का भरोसा दिलाया है,

बड़ी संख्या में पहुंचे जनप्रतिनिधि और ग्रामीण,

पूर्व सांसद एवं महापौर मधुसूदन यादव के साथ वरिष्ठ भाजपा नेता चंद्रिका डड़सेना, जनपद पंचायत छुरिया अध्यक्ष संजय सिन्हा, पूर्व जिला भाजपा महामंत्री रविन्द्र वैष्णव, जनपद सदस्य भेषबाई साहू, भाजपा महामंत्री अशोक मरकाम, सावन वर्मा, किशुन यदु, मनोहर यादव, राजेश्वर धुर्वे, मनभावन सिंह उइके, नैनसिंग पटेल, कुमार साय, भूखन धनकर, हनीफ कुरैशी, भूपेन्द्र निषाद एवं गौरव अग्रवाल सहित भाजपा पदाधिकारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे,

इस दौरान छुरिया तहसीलदार श्रीमती आकांक्षा साहू एवं पटवारी प्रशांत ठाकुर सहित प्रशासनिक अमले ने भी परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की,

एक हादसा, जिसने पूरे क्षेत्र को दे दिया गहरा दर्द,

भोलापुर-शिकारी-माहका मार्ग पर हुई यह दुर्घटना केवल एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र को झकझोर देने वाली घटना बन गई है, चार लोगों की असमय मौत ने सड़क सुरक्षा और वाहन चालकों की जिम्मेदारी पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं,

शोकाकुल परिवार के बीच पहुंचे पूर्व सांसद एवं महापौर मधुसूदन यादव ने जिस तरह घटनास्थल का जायजा लेकर तत्काल पीड़ित परिवार से मुलाकात की और शासन की सहायता राशि उपलब्ध कराई, उससे दुख की इस घड़ी में परिवार को प्रशासनिक एवं सामाजिक सहयोग का भरोसा मिला है,

दिवंगतों को श्रद्धांजलि और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उपस्थित सभी लोगों ने ईश्वर से प्रार्थना की कि मृत आत्माओं को शांति मिले और परिवार को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्राप्त हो,

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *