Spread the love
प्रहरी न्यूज, रायपुर (छ.ग.) – भाजपा छत्तीसगढ़ में  ग्यारह का लक्ष्य पाने अपने चुनावी अभियान को तेज कर दिया  है। राज्य की कुल ग्यारह संसदीय सीटों में से अभी नौ पर भाजपा का कब्जा है, जबकि कांग्रेस के खाते में दो सीटें हैं। भाजपा अब कांग्रेस के कब्जे वाली दोनों सीटों पर अपने प्रत्याशियों को विजयश्री दिलाने की रणनीति पर काम करना शुरू कर दिया है।
भाजपा अपने युवा, किसान, ओबीसी, अल्पसंख्यक, महिला मोर्चा समेत अनुशांगिक संगठनों को सक्रिय कर दिया है। विधानसभा चुनाव की तर्ज पर लोकसभा में भी उम्मीदवारों की घोषणा के साथ ही भाजपा ने प्राथमिक बढ़त बना ली है। वहीं कांग्रेस पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित अपने कई पूर्व मंत्रियों को चुनाव मैदान में उतारने की तैयारी में है।
भाजपा पिछली बार 2019 के लोकसभा चुनाव में हारी हुई दो सीट बस्तर और कोरबा को जीतने के लिए मशक्कत में जुटी है। इसके लिए केंद्रीय नेताओं का दौरा लगातार चल रहा है। 22 फरवरी को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने स्वयं बस्तर लोकसभा के कोंडागांव विधानसभा में पहली चुनावी बैठक ली थी। हालांकि विधानसभा की जीत के बाद से ही भाजपा के दिल्ली में बैठे शीर्ष नेताओं ने कमान संभाल ली थी।
भाजपा प्रदेश में चुनाव प्रबंधन समिति का गठन कर चुकी है। क्लस्टर, मोर्चा प्रभारियों की नियुक्ति भी हो चुकी है।
गांवों तक अपनी पकड़ और मजबूत करने के लिए भाजपा प्रदेश में सात से 11 फरवरी तक ‘गांव चलो’ अभियान चला चुकी है। इसके पहले 1 से 22 फरवरी तक स्वसहायता समूह संपर्क योजना भी चल चुकी है।
अभी 25 फरवरी से शुरू हुई लाभार्थी संपर्क योजना पांच मार्च तक चलेगी। इनके माध्यम से भाजपा के कार्यकर्ता केंद्र 10 वर्ष की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचा रहे हैं। बता दें कि विधानसभा चुनाव 2018 में कांग्रेस को प्रदेश की 90 विधानसभा सीट में से 68 सीटें मिली थी। राज्य निर्माण के बाद कांग्रेस छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव में एक या दो सीट से आगे गिनती नहीं बढ़ा पाई है।

भाजपा करेगी सम्मेलन, पीएम से लेकर कई नेताओं का दौरा…

भाजपा जल्द प्रदेश के विभिन्न संसदीय क्षेत्रों में सम्मेलन के जरिए आम मतदाताओं को साधेगी। नौ मार्च को रायपुर में भाजपा किसान मोर्चा का महासम्मेलन होना है। इसमें केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आएंगे। इसी तरह मार्च में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बस्तर का दौरा कर सकते हैं। पीएम जनमन योजना के तहत प्रधानमंत्री लगातार आदिवासी क्षेत्रों के हितग्राहियों से वर्चुअल माध्यम से संवाद कर रहे हैं।

न्याय यात्रा से पांच सीटों तक पहुंची कांग्रेस…

कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने भारत जोड़ो न्याय यात्रा प्रदेश के पांच लोकसभा से निकाली है। इनमें रायगढ़, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, कोरबा, सरगुजा शामिल है। राहुल की यात्रा के बाद कांग्रेस लगातार आक्रामक है। आक्रामक होने के लिए कांग्रेस 10 साल की मोदी सरकार की नाकामियों को अपना मुद्दा बना रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *