Spread the love

एक सप्ताह में उद्घाटन नहीं तो कांग्रेस करेगी आर–पार की लड़ाई,

प्रहरी न्यूज छुरिया। नवीन विश्राम गृह छुरिया के लोकार्पण को लेकर भाजपा सरकार की उदासीनता और राजनीतिक द्वेष अब खुलकर सामने आ गया है। कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में जनता की सुविधा के लिए बनाए गए इस विश्राम गृह को भाजपा सरकार और उसके संरक्षण में बैठे अधिकारी जानबूझकर पिछले एक वर्ष से बंद रखे हुए हैं।
राजनांदगांव जिला कांग्रेस कमेटी के आदेश पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी छुरिया ने एसडीएम डोंगरगांव के नाम छुरिया तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते हुए स्पष्ट अल्टीमेटम दिया है कि यदि एक सप्ताह के भीतर विश्राम गृह का लोकार्पण नहीं किया गया, तो कांग्रेस जिलाध्यक्ष विपिन यादव, खुज्जी विधायक भोलाराम साहू, पूर्व विधायक श्रीमती छन्नी साहू, सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं नगर के प्रबुद्ध नागरिकों के साथ मिलकर जनता के हक का लोकार्पण स्वयं करेगी।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया है कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने लगभग 60 लाख रुपये की लागत से इस विश्राम गृह का निर्माण कराया, जो पिछले एक साल से बनकर पूरी तरह तैयार है। इसके बावजूद भाजपा के मंत्री, स्थानीय भाजपा नेता और पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारी राजनीतिक दुर्भावना के चलते इसका उद्घाटन नहीं कर रहे हैं, जिससे करोड़ों की सरकारी संपत्ति धीरे-धीरे जर्जर होती जा रही है।
कांग्रेस का कहना है कि यह सिर्फ एक भवन नहीं, बल्कि जनता की सुविधा से जुड़ा मामला है। भाजपा सरकार जनता के पैसों से बने विकास कार्यों को उद्घाटित करने से डर रही है क्योंकि उस पर कांग्रेस की छाप है।
कांग्रेस नेताओं ने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि प्रशासन और भाजपा सरकार ने जनता की आवाज को नजरअंदाज किया, तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी और इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *