प्रहरी न्यूज छुरिया: नगर पंचायत छुरिया स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर की पहाड़ी को लेकर स्थानीय नागरिकों में चिंता बढ़ती जा रही है। नगर के प्रबुद्धजनों का कहना है कि मंदिर पहाड़ी क्षेत्र में रोजाना स्कूल-कॉलेज के लड़के-लड़कियों सहित आसपास के गांवों से आने वाले युवक-युवतियों को जोड़ों में कंधे से कंधा मिलाकर और हाथों में हाथ डाले चढ़ते-उतरते देखा जा रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ युवक-युवतियां पहाड़ी पर मंदिर क्षेत्र में झाड़ियों और पत्थरों की आड़ में घंटों तक बैठे रहते हैं और कथित रूप से आपत्तिजनक गतिविधियों में संलिप्त रहते हैं, जिससे धार्मिक स्थल की मर्यादा पर प्रश्नचिह्न लग रहा है।
नागरिकों का आरोप है कि मंदिर समिति इस पवित्र स्थल पर हो रही कथित गलत गतिविधियों पर मौन है। लोगों का कहना है कि मंदिर समिति को इस मामले में पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करानी चाहिए।
वहीं नगर के प्रबुद्ध वर्ग का मत है कि छुरिया पुलिस को भी स्वयं संज्ञान लेते हुए पहाड़ी क्षेत्र का निरीक्षण करना चाहिए और यदि कोई आपत्तिजनक गतिविधि पाई जाती है तो संबंधितों पर उचित कार्रवाई करनी चाहिए।