Spread the love

प्रहरी न्यूज छुरिया (राजनांदगांव)।
नगर पंचायत छुरिया के वार्ड क्रमांक 10 एवं 11 के मध्य स्थित सीसी रोड गली में लगे बिजली के लोहे के पोल गंभीर खतरे का कारण बने हुए हैं। यहां दो लोहे के बिजली पोल पर ट्रांसफार्मर लगाया गया है तथा उससे सटा एक अन्य पोल, जो गुप्ता लोहा दुकान के पास स्थित है, नीचे से पूरी तरह सड़ चुका है और अत्यंत जर्जर अवस्था में है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि उक्त पोल में अब भी हाई वोल्टेज विद्युत प्रवाहित हो रही है। इसी पोल से निकली विद्युत लाइनें घरों एवं व्यावसायिक परिसरों से सटी हुई गुजर रही हैं, जिससे क्षेत्र के रहवासी और दुकानदार पिछले कई महीनों से भय के साये में जीवन व्यतीत कर रहे हैं। लोगों को आशंका है कि यदि समय रहते इस पोल को नहीं बदला गया तो कोई बड़ी अनहोनी से इनकार नहीं किया जा सकता।

इस संबंध में टाटा टेक्स टाइल्स के संचालक किशोर बोहरा एवं समीप स्थित मकान मालिक देवीदीन सिन्हा ने बताया कि उन्होंने बिजली विभाग को इस जर्जर पोल की जानकारी मौखिक एवं लिखित रूप से कई बार दी है, बावजूद इसके अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
श्री बोहरा ने यह भी बताया कि एक अवसर पर खुज्जी विधायक श्री भोलाराम साहू ने स्वयं संबंधित विभागीय अधिकारियों को बुलाकर तत्काल सुधार के निर्देश दिए थे, लेकिन उसके बाद भी आज तक जर्जर पोल को न तो बदला गया और न ही किसी प्रकार की सुरक्षा व्यवस्था की गई।
जिनके घरों व व्यवसायिक परिसरों से गुजरे तार से डरे सहमे नागरिकों ने बिजली विभाग से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए शीघ्रातिशीघ्र जर्जर पोल को हटाकर नया पोल लगाया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *