प्रहरी न्यूज छुरिया।
नगर में नवनिर्मित विश्राम गृह के लोकार्पण को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। पूर्व विधायक छन्नी साहू द्वारा हाल ही में अपने समर्थकों के साथ नारियल तोड़कर एवं मिठाई बांटकर विश्राम गृह का लोकार्पण किए जाने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। वहीं शासन-प्रशासन का स्पष्ट कहना है कि पूर्व विधायक द्वारा किया गया लोकार्पण मान्य नहीं है।
पूर्व विधायक छन्नी साहू का कहना है कि विश्राम गृह जनता की सुविधा के लिए बना है और उन्होंने अपने लोगों की उपस्थिति में इसका लोकार्पण कर दिया है। उनका तर्क है कि भवन बनकर तैयार है, ऐसे में जनता के उपयोग में लाने में कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए।
दूसरी ओर प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि किसी भी शासकीय भवन का लोकार्पण निर्धारित प्रक्रिया एवं अधिकृत जनप्रतिनिधि या प्रशासनिक अनुमति से ही मान्य होता है। इस मामले में पूर्व विधायक द्वारा किया गया कार्यक्रम आधिकारिक नहीं माना जा सकता। हालांकि इस पूरे विवाद पर जिम्मेदार अधिकारी खुलकर बोलने से बचते नजर आ रहे हैं।
स्थानीय लोगों में भी इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब भवन पूरी तरह बनकर तैयार है तो फिर इसके लोकार्पण में देरी क्यों हो रही है। वहीं कुछ का कहना है कि राजनीतिक खींचतान के कारण विश्राम गृह का भविष्य अधर में लटक गया है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर नवीन विश्राम गृह छुरिया का आधिकारिक लोकार्पण कब होगा और जनता को इसकी सुविधाएं कब से मिलेंगी। फिलहाल शासन-प्रशासन की चुप्पी और अलग-अलग दावों के बीच यह मामला संशय में ही बना हुआ है।