Spread the love

प्रहरी न्यूज छुरिया –

छुरिया नगर पंचायत अंतर्गत डोंगरगांव रोड की स्थिति अत्यंत जर्जर हो चुकी है। पुराने बस स्टैंड से थाना तक का मार्ग सड़क कम और गड्ढों से भरा मैदान अधिक प्रतीत होता है। जगह-जगह गहरे गड्ढे होने से राहगीरों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

इस मार्ग पर कई महत्वपूर्ण संस्थान स्थित हैं, जिनमें स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, नया बस स्टैंड, पौनी पसरा मुख्य बाजार, राजगामी संपदा के मकान, ग्रामीण बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, स्टेडियम, कॉलेज, थाना, बिजली विभाग, धान खरीदी केंद्र मंडी, एवं आईटीआई शामिल हैं। प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और आम नागरिक इसी मार्ग से आवागमन करते हैं, लेकिन खराब सड़क के कारण उन्हें जोखिम और असुविधा झेलनी पड़ रही है।

सबसे बड़ी समस्या यातायात की है। सड़क की चौड़ाई कम और गड्ढों की अधिकता के कारण एक साथ दो वाहन क्रॉस नहीं कर पाते, सड़क उखड़ जाने से भारी धूल उड़ती है, आए दिन जाम की स्थिति बन जाती है। इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ व्यापारियों और छात्रों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

स्थानीय नागरिकों ने शासन-प्रशासन और संबंधित विभागों से मांग की है कि छुरिया–डोंगरगांव रोड की जल्द मरम्मत एवं चौड़ीकरण कराया जाए, ताकि यह मार्ग सुगम, सुरक्षित और सुविधायुक्त बन सके तथा राहगीरों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *