प्रहरी न्यूज छुरिया। पीएम श्री स्वामी आत्मानंद हिन्दी-अंग्रेज़ी माध्यम स्कूल, छुरिया में एनुअल डे सेलिब्रेशन 2026 का आयोजन भव्य एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव जी रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत छुरिया के अध्यक्ष श्री संजय सिन्हा जी ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेवी एवं पत्रकार श्री मनभावन सिंह उइके, नगर पंचायत उपाध्यक्ष श्री भूषण नेताम तथा पार्षद श्री सोनू खान उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि श्रीमती किरण वैष्णव जी ने अपने उद्बोधन की शुरुआत बच्चों के गीत से करते हुए उनकी भावनात्मक एवं प्रेरणादायी प्रस्तुतियों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि बच्चों की कला और संदेश समाज को सकारात्मक दिशा देते हैं, शिक्षा को सिर्फ नौकरी का साधन न समझे, शिक्षा से कई महत्वपूर्ण प्रतिभा को हासिल की जा सकती है, प्रतिभावान विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

अध्यक्षीय उद्बोधन में श्री संजय सिन्हा जी ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना की तथा उनकी प्रतिभा को उज्ज्वल भविष्य का आधार बताया। उन्होंने सफल आयोजन के लिए विद्यालय के प्राचार्य, शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष श्री राधेश्याम शर्मा एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं को बधाई देते हुए अतिथि सत्कार के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

कार्यक्रम का स्वागत भाषण विद्यालय के प्राचार्य श्री योगेश साहू ने दिया एवं सभी अतिथियों का आत्मीय अभिवादन किया। शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष श्री राधेश्याम शर्मा जी ने अपने उद्बोधन में विद्यालय की उपलब्धियों एवं भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए स्कूल को और बेहतर बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
समाजसेवी एवं पत्रकार श्री मनभावन सिंह उइके ने अपने संबोधन में सफल आयोजन के लिए प्रबंधन समिति अध्यक्ष श्री राधेश्याम शर्मा एवं प्राचार्य श्री योगेश साहू को शुभकामनाएं दीं तथा विद्यार्थियों की कला को निखारने वाले सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं की सराहना की। उन्होंने ऐसे रचनात्मक आयोजनों को निरंतर आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम के अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं नगर के सैकड़ों महिला-पुरुष उपस्थित रहे। आयोजन ने बच्चों की प्रतिभा को मंच प्रदान करते हुए सभी उपस्थित जनसमुदाय को आनंदित किया।