प्रहरी न्यूज छुरिया – शासकीय रानी सूर्यमुखी देवी महाविद्यालय छुरिया में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह बड़े उत्साह और गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संजय कुमार सिन्हा, अध्यक्ष जनपद पंचायत छुरिया रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता राजेश्वर ध्रुवे, अध्यक्ष जनभागीदारी समिति महाविद्यालय छुरिया ने की।

कार्यक्रम में कांता प्रसाद साहू (अध्यक्ष मंडल भाजपा छुरिया), स्वप्निल पटेल, सौरभ सोमानी एवं टीकम साहू विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के तैलचित्र पर पूजा-अर्चना और दीप प्रज्वलन के साथ की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संजय कुमार सिन्हा ने कहा कि आज का दिन महाविद्यालय परिवार के लिए अत्यंत गौरव और प्रसन्नता का अवसर है। यह समारोह केवल पुरस्कार वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों की मेहनत, लगन, अनुशासन और प्रतिभा का सम्मान करने का महत्वपूर्ण मंच भी है।

उन्होंने कहा कि किसी भी विद्यार्थी को सफलता अचानक प्राप्त नहीं होती, बल्कि उसके पीछे वर्षों की कड़ी मेहनत, समर्पण और निरंतर प्रयास छिपा होता है। आज जिन विद्यार्थियों को पुरस्कार प्राप्त हो रहा है, उन्होंने अपने परिश्रम और लगन से यह सिद्ध कर दिया है कि दृढ़ संकल्प और मेहनत से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता।
उन्होंने आगे कहा कि पुरस्कार केवल एक ट्रॉफी या प्रमाण पत्र नहीं होता, बल्कि यह प्रेरणा और आत्मविश्वास का प्रतीक होता है, जो विद्यार्थियों को जीवन में आगे बढ़ने और नई ऊँचाइयों को प्राप्त करने के लिए प्रेरित करता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे राजेश्वर ध्रुवे ने कहा कि जिन विद्यार्थियों को इस बार पुरस्कार नहीं मिला है, उन्हें निराश होने की आवश्यकता नहीं है। यह मंच सभी विद्यार्थियों के लिए खुला है। मेहनत और लगन के साथ प्रयास करने पर अगली बार आप भी इस मंच पर सम्मानित हो सकते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी विद्यार्थी की सफलता में अध्यापकों का मार्गदर्शन और माता-पिता का आशीर्वाद अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। इसलिए हमें अपने गुरुजनों और माता-पिता का सदैव सम्मान करना चाहिए, क्योंकि वही हमें जीवन में सही दिशा दिखाते हैं।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सुषमा चौरे ने अपने उद्बोधन में पुरस्कार प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने महाविद्यालय के अध्यापकों और कर्मचारियों के सहयोग के लिए आभार भी व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रोफेसर एस.एच. भाटिया, प्रोफेसर राजेंद्र शर्मा, असिस्टेंट प्रोफेसर उमरिया, अभिषेक साहू, सोहन साहू, भूखन धनकर, अशोक सेन सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और महाविद्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा।