गर्मी हर दिन एक नया रिकॉर्ड बना रही है। आगरा सहित पूरा यूपी भीषण लू व गर्मी की चपेट में है। आगरा में 46.3 डिग्री तापमान रहा। इसकी वजह से दोपहर से ही सड़कों पर सन्नाटा छा गया।
prahri news – उत्तर प्रदेश में गर्मी चरम पर है, तो वहीं आगरा में 46.3 डिग्री तापमान और लू के थपेड़ों से हाल बेहाल रहा। भीषण गर्मी में तीन युवकों की मौत हो गई, तो वहीं चार सैलानियों की तबीयत स्मारकों में खराब हो गई। आगरा किला में दो और ताजमहल पर दो सैलानियों को प्राथमिक उपचार दिया गया।
गर्मी में लू के थपेड़े जानलेवा हो गए हैं। सोमवार को लू से तीन युवकों की मौत हो गई। ताजगंज क्षेत्र के नगला तल्फी में रामलखन (30) और तोरा में बैंक ऑफ बड़ौदा के पास एक युवक का शव मिला है। केंद्रीय हिंदी संस्थान रोड पर इंदल ने दम तोड़ दिया। वह इंदौर का रहने वाला था। मजदूरी करता था। प्रभारी निरीक्षक ताजगंज ने बताया कि नगला तल्फी में रामलखन का शव एकता चौकी, टीवी टावर के पास मिला। तोरा में बैंक के पास मिले शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। दोनों की मृत्यु गर्मी से हुई है। दोनों मजदूर थे।