Spread the love

भीषण गर्मी और लू से बेहाल लोगों को राहत मिली है। शनिवार को कश्मीर से लेकर उत्तराखंड-केरल तक देश के 16 राज्यों में हुई बारिश ने तापमान को नीचे ला दिया है। इस बीच, मौसम विभाग ने अगले चार-पांच दिन मध्य, पूर्व, प्रायद्वीपीय भारत में बिजली गिरने और ओलावृष्टि होने का पूर्वानुमान जताया है।

Weather Forecast Update Today: IMD Alert for Rain, Western Disturbance, Temp Drops Across 16 States

प्रहरी न्यूज दिल्ली – जम्मू-कश्मीर, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, केरल, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश समेत 16 राज्यों में शनिवार को कई जगह आंधी-बारिश और तेज हवाओं के कारण मौसम सुहाना बना रहा। इस दौरान पूर्वी मध्य प्रदेश और तेलंगाना में कुछ जगह ओलवृष्टि हुई और केरल, कर्नाटक के आंतरिक इलाकों और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में भारी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले चार-पांच दिनों तक तकरीबन आधे देश में आंधी बारिश का यह दौर जारी रहेगा।

कई राज्यों में गरज के साथ होगी भारी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक, आगामी 7 मई तक उत्तर पश्चिम भारत में गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। अगले चार-पांच दिन मध्य, पूर्व, प्रायद्वीपीय भारत में बिजली गिरने और ओलावृष्टि होने का पूर्वानुमान है। वहीं, 5 से 8 मई तक पूर्वोत्तर भारत में गरज के साथ भारी बारिश और बिजली गिरने के आसार हैं। मौसम विभाग ने बताया कि उत्तरी पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में एक पश्चिमी विक्षोम सक्रिय होने और ऊपरी हवा का एक चक्रवाती परिसंचरण उत्तर-पश्चिमी राजस्थान और दूसरा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में स्थित होने से मौसम फिलहाल गर्मी से राहत देने वाला ही बने रहने का अनुमान है।
उत्तराखंड, केरल, कर्नाटक के कई हिस्सों में भारी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान तेलंगाना में कुछ स्थानों पर 70 से किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलीं। तमिलनाडु, पुड्डुचेरी, दक्षिण कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ आदि में धूल भरी हवाओं की गति 40 से 70 किमी प्रति घंटे तक दर्ज की गई। पूर्वी मध्य प्रदेश और तेलंगाना में कई जगह पर ओलावृष्टि भी हुई।
मध्य प्रदेश में बिजली गिरने से 38 बकरियां मरीं
मध्य प्रदेश के अशोक नगर जिले में आकाशीय बिजली गिरने से 38 बकरियों की मौत हो गई। यह घटना नईसराय थाना क्षेत्र के डुंगासरा गांव में हुई। नईसराय थाना प्रभारी पुनीत दीक्षित ने बताया कि दोपहर करीब 2 बजे बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आकर बकरियों की मौत हो गई। उस समय वहां पर कोई इंसान मौजूद नहीं था। आंधी बारिश के कारण पिछले 24 घंटों के दौरान मध्य प्रदेश के अधिकांश इलाकों में तापमान सामान्य से काफी नीचे रहा।
राजस्थान में 10 डिग्री सेल्सियस तक गिरा पारा
राजस्थान के कई हिस्सों में आंधी-तूफान और बारिश के कारण पिछले 24 घंटों में तापमान में 2 से 10 डिग्री सेल्सियस तक की उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। झुंझुनू और उसके आसपास के इलाकों में शनिवार शाम ओलावृष्टि हुई। इस दौरान नागौर में 2 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि अन्य स्थानों पर 2 मिमी से कम बारिश हुई। राज्य में शनिवार को चित्तौड़गढ़ 43.6 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा।
पंजाब, हरियाणा में अधिकतम तापमान घटा
पंजाब-हरियाणा के विभिन्न हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहा। पटियाला में अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री कम है। इसी तरह लुधियाना और अमृतसर में पारा सामान्य से क्रमश: 1.5 डिग्री और 4.8 डिग्री कम रहा। हरियाणा में अंबाला में अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.6 डिग्री कम था।
लाहौल-धौलाधार की चोटियों पर बर्फबारी
हिमाचल प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट के बीच शनिवार को लाहौल की चोटियों और धौलाधार की पहाड़ियों पर बर्फबारी हुई। शिमला के ठियोग में भारी ओलावृष्टि होने से कुफरी-फागू सड़क सफेद हो गई। ओलावृष्टि से सेब, मटर और फूलगोभी की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। राजधानी शिमला और धर्मशाला में दोपहर के समय बारिश हुई, शाम को धूप खिली। प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में शनिवार को हल्के बादल छाए रहे। अधिकतम तापमान में आठ से दस डिग्री की कमी दर्ज हुई है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *